योग के बाद सूर्य नमस्कार कर लोगों ने बनाया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड

Date: 2024-01-01
news-banner
मोढेरा सूर्य मंदिर गुजरात के पाटन नामक स्थान से 30 किलोमीटर दक्षिण की ओर मोढेरा गांव में निर्मित है। यह सूर्य मन्दिर विलक्षण स्थापत्य और शिल्प कला का बेजोड़ उदाहरण है। इस मंदिर में नए साल की पहली सुबह के अवसर पर सूर्य नमस्कार कार्यक्रम हुआ, जिसमें मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और गृह मंत्री हर्ष संघवी ने भाग लिया। सबसे बड़ी बात यह रही कि नए साल के सूर्योदय के साथ ही इस राज्य के लोगों ने एक गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। 

मोढेरा सूर्य मंदिर में सोमवार सुबह सूर्यनमस्कार कार्यक्रम हुआ। इसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। यहां गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के निरीक्षक स्वप्निल डांगरीकर भी पहुंचे। उन्होंने बताया कि वह यहां सूर्य नमस्कार करने वाले सबसे अधिक लोगों के रिकॉर्ड को सत्यापित करने के लिए आए थे। यह एक नया रिकॉर्ड है। इससे पहले किसी ने भी इस रिकॉर्ड को तोड़ने का प्रयास नहीं किया था। 

सभी सबूतों को जांचने के बाद यह स्पष्ट है कि गुजरात में इतनी बड़ी संख्या में एक साथ लोगों के सूर्य नमस्कार करने से एक नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बन गया है।

राज्य के नाम एक और नया रिकॉर्ड होने पर गृह मंत्री हर्ष संघवी ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि आज, गुजरात ने एक साथ सबसे अधिक लोगों द्वारा सूर्य नमस्कार करने का एक नया रिकॉर्ड बनाया है। गुजरात के लोगों ने 2023 में एक साथ योग करने वाले सबसे अधिक लोगों के लिए एक ही तरह का रिकॉर्ड बनाया था और आज फिर गुजरात ने एक विश्व रिकॉर्ड बनाया है। यह कार्यक्रम 108 स्थानों पर आयोजित किया गया था, जहां लाखों लोगों ने एक साथ सूर्य नमस्कार किया है। 

Leave Your Comments